हजारीबाग. इचाक प्रखंड के तिलरा भुसआ स्थित बिरहोर टोला में जिला प्रशासन की ओर से बिरहोर समुदाय के उत्थान और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में आधार कार्ड निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल कैंप लगाया गया. शिविर के दौरान संबंधित विभागों की टीम ने बिरहोर परिवारों के सदस्यों का आधार पंजीकरण एवं अद्यतन कार्य किया. पात्र लाभुकों को विभिन्न पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की, ताकि उन्हें समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके. मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की. चिकित्सकों ने आवश्यक दवाइयों का वितरण किया तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिये. शिविर में कुपोषण, सामान्य बीमारियों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया. पदाधिकारियों ने कहा कि बिरहोर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके सामाजिक व आर्थिक विकास के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है. आगे भी ऐसे विशेष शिविरों का आयोजन जारी रहेगा.
बिरहोर परिवारों का आधार पंजीयन शुरू
जिला प्रशासन की पहल
