विष्णुगढ़ (हजारीबाग): जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में तेज रफ्तार की चपेट में आने से एक नाबालिग की मौत हो गई है. यह पूरी घटना जोबर पंचायत अंतर्गत केंदुइयाटांड़ टोला की है जहां शुक्रवार को ट्रैक्टर ने नाबालिग को रौंद दिया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया.
किसी काम से सड़क पर पैदल चल रहा था नाबालिग
मृतक की पहचान दयाल सोरेन (17 वर्ष) पिता-छोटेलाल सोरेन के रुप में की गई है. घटना के संबंध में बताया गया है कि दयाल सोरेन किसी काम से सड़क पर पैदल चल रहा था. इसी दौरान मोड़ के पास अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया. वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने घायल दयाल को इलाज के लिए हजारीबाग पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है, और उनका रो-रोकर बुरा हाल है.
