हजारीबाग : डीसी भुवनेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचारसंहिता हजारीबाग जिले में लागू हो गया है. निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी का सहयोग लिया जायेगा. डीसी शुक्रवार शाम छह बजे पत्रकार सम्मेलन किया. उन्होंने बताया कि मतदाताओं का वोटरलिस्ट में नाम जोड़ने व हटाने का काम पांच व छह नवंबर को विशेष शिविर लगाकर किया जायेगा.
80 वर्ष के वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इन्हें पोस्ट बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. हजारीबाग जिले में दस हजार दिव्यांग चिह्नित किये गये हैं.
हजारीबाग सदर में 486, मांडू विधानसभा में 520, बरही विधानसभा में 402 और बरकट्ठा विधानसभा में 470 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. युवा मतदाता 18 से 19 वर्ष जो पहली बार वोट डालेंगे उनकी संख्या 25 हजार है.
बरकट्ठा विधानसभा के लिए आरओ संतोष कुमार सिंह, बरही विधानसभा आरओ बरही एसडीओ आलोक राजेश्वरनाथ, सदर विधानसभा का आरओ एसडीओ मेघा भारद्वाज, मांडू विधानसभा आरओ एसी दिलीप तिर्की होंगे. स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा.
डीसी ने बताया कि हजारीबाग जिले भर में 150 स्थान चिह्नित किये गये हैं. जहां वोट देने के लिए विकास कार्य की मांग को लेकर आवाज उठाये गये थे. मौलिक सुविधाएं जो भी बहाल करनी है उन्हें तत्काल बहाल किया जा रहा है.
डीसी ने बताया कि हजारीबाग जिले को 268 सेक्टर में बांटा गया है. सभी सेक्टर के लिए दंडाधिकारी भी नियुक्त कर दिये गये हैं. इवीएम और वीवीपैट जिले को उपलब्ध हो गया है. वीवीपैट और इवीएम की जांच कर ली गयी है. हजारीबाग बाजार समिति परिसर में मांडू, बरकट्ठा, बरही और हजारीबाग विधानसभा के मतों की गिनती होगी. पत्रकार सम्मेलन में एसडीओ मेघा भारद्वाज, एसी दिलीप तिर्की, निर्वाचन पदाधिकारी गायत्री देवी उपस्थित थीं.
