हजारीबाग : हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष सुशीला देवी के देवर उमेश साव और जुगरा गांव निवासी सिकंदर साव को दो अपराधियों ने बड़कागांव के लंगातू में गोली मार दी. घटना गुरुवार शाम चार बजे की है. सिकंदर को सीने और उमेश साव को पेट में गोली लगी है. दोनों को रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
जिप अध्यक्ष के देवर उमेश और सिकंदर साव लंगातू गांव स्थित त्रिवेणी सैनिक कंपनी में किसी काम से गये थे. इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी आये और दोनों को गोली मार दी. गोली लगते ही दोनों गिर गये. दोनों को इलाज के लिए बड़कागांव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया है.
