Hazaribagh News: कानी बाजार से अपहृत 11 वर्षीय बालक बरामद, आरोपी गिरफ्तार; समोसा खिलाने के बहाने ले गया था किरायेदार

हजारीबाग के कानी बाजार से अपहृत 11 वर्षीय बालक को पुलिस ने कटकमसांडी स्टेशन से बरामद किया। आरोपी किरायेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

हजारीबाग: कानी बाजार से अपहृत 11 वर्षीय बालक बरामद, आरोपी गिरफ्तार- समोसा खिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया था किरायेदार, ट्रेन से बाहर ले जाने की थी तैयारीप्रतिनिधि, हजारीबाग

सदर थाना क्षेत्र के कानी बाजार से 30 अगस्त की शाम अपहृत 11 वर्षीय बालक सिकंदर सिंह को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया. पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी किरायेदार राकेश खरवार को गिरफ्तार किया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बालक के सुरक्षित बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.

जानकारी के अनुसार, कानी बाजार निवासी सुरेंद्र सिंह का 11 वर्षीय पुत्र सिकंदर सिंह 30 अगस्त की शाम अचानक घर से गायब हो गया. काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इसी दौरान पता चला कि मकान में किराये पर रहने वाला राकेश खरवार बच्चे को अपने साथ बाहर ले गया है. परिजनों ने तत्काल सदर थाना में आवेदन देकर अपहरण का मामला दर्ज कराया.

कुशीनगर जिले का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार राकेश खरवार कुछ दिनों से अपनी पत्नी रूपा के साथ कानी बाजार में किराये के मकान में रह रहा था. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का रहने वाला है. आरोप है कि राकेश ने बच्चे को समोसा खिलाने के बहाने अपने साथ बाजार ले गया. इसके बाद वह उसे लेकर ट्रेन से हजारीबाग से बाहर जाने की कोशिश कर रहा था. मामला दर्ज होने के बाद सदर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. बच्चे की तस्वीर आसपास के थानों के साथ रेलवे पुलिस को भी भेजी गयी. इधर धनबाद रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को भी इसकी सूचना दी गयी.

कटकमसांडी स्टेशन पर मिला बच्चा

रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक चंद्रभान पांडेय ने कटकमसांडी स्टेशन पर तैनात आरक्षी शांति राम मीना को बच्चे की तस्वीर उपलब्ध करायी. इसके बाद रेलवे पुलिस ने पैसेंजर ट्रेन संख्या 53374 के सभी कोच की रात करीब 10:11 बजे तलाशी ली. तलाशी के दौरान तस्वीर से मिलान करने पर बालक की पहचान सिकंदर सिंह के रूप में हुई और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. इसके बाद आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की. तकनीकी सहायता और सूचना तंत्र के आधार पर हजारीबाग हाइवे के समीप से राकेश खरवार को गिरफ्तार कर लिया गया.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 207/26 के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया गया है. थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >