गुमलाः शहर के दुंदुरिया बस स्टैंड में गुरुवार को एक युवक दोनों पैरों में बेड़ियां बंधी हालत में भटकता मिला. दोनों पैरों में ताला लगी बेड़ियां होने के कारण वह सामान्य रूप से चल नहीं पा रहा था. युवक एनएच पर दोनों पैरों से उछल-उछलकर आगे बढ़ रहा था. उसके शरीर पर कटे-फटे कपड़े थे. चेहरे पर हल्की मुस्कान थी, लेकिन वह भूख से परेशान नजर आ रहा था.
लोगों ने युवक को कराया नाश्ता
युवक को इस हालत में देखकर सड़क से गुजर रहे लोग ठिठककर उसे देखने लगे. हालांकि, उसके आक्रामक व्यवहार के डर से कोई उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर रहा था. युवक के सामने कोई व्यक्ति आ जाता, तो वह रास्ता बदलकर आगे बढ़ जाता. बाद में स्थानीय लोगों ने उसे दुंदुरिया बस स्टैंड स्थित शेड में बैठाया और उसकी स्थिति को देखते हुए नाश्ता कराया.
ये भी पढ़ें- बंद कमरे में मच्छर अगरबत्ती जलाकर सोया परिवार, चार बेहोश; 3 की हालत गंभीर
पुलिस को दी सूचना, युवक को साथ ले गए परिजन
युवक अपना नाम कृष्णा चीक बड़ाइक और घर दुंदुरिया बता रहा था. स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को मामले से अवगत कराया. इसी बीच युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गये और उसे अपने साथ ले गए. परिजनों ने बताया कि कृष्णा मानसिक रूप से बीमार है और अक्सर घर से भाग जाता है. इसी कारण उसे बेड़ियों से बांधकर रखा जाता है.
