गुमला. घाघरा थाना के नेतरहाट रोड में अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल 35 वर्षीय युवक असवद राय की मौत हो गयी. घटना बीते सोमवार की शाम करीब छह बजे की है. असवद राय मूल रूप से चंदवा थाना क्षेत्र के लाधुप सेन्हा गांव का रहने वाला है. वर्तमान में घाघरा थाना के कंडरा गांव में किराये के मकान में रह कर मजदूरी करता था. सोमवार को शाम में काम करने के बाद वह रोजा खोलने के लिए सामान लेकर घर लौट रहा था. इस दौरान एक अज्ञात बाइक चालक ने उसे पीछे से धक्का मार दिया. बाइक से धक्का लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन व स्थानीय लोगों ने घायल असवद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा पहुंचाया. केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए परिजन लोहरदगा ले गये, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
निराला हॉस्पिटल में शिविर 22 को
गुमला. जनविकास ट्रस्ट द्वारा संचालित निराला आई हॉस्पिटल कुम्हारटोली लोहरदगा रोड गुमला में 22 मार्च को नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच सह लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगाया जायेगा. शिविर में शंकर नेत्रालय चेन्नई के नेत्र सर्जन सह रेटिना विशेषज्ञ डॉक्टर समीर कुमार व रांची की नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर नीलू कुमारी द्वारा मरीजों की आंखों की जांच व लेंस प्रत्यारोपण किया जायेगा. शिविर में रेटिना, आंसू की थैली, ट्रेजियम, क्लोजियम आदि का भी ऑपरेशन किया जायेगा.
