इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत, भाई का फर्द बयान दर्ज

गुमला के नगर जामपानी गांव में इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत से हड़कंप मच गया. परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस ने बड़े भाई का बयान दर्ज कर लिया है.

गुमला: सिसई प्रखंड के नगर जामपानी गांव में इंजेक्शन लगने के कुछ ही सेकेंड बाद बेहोश होकर दम तोड़ने वाले शिवप्रसाद साहू की मौत के मामले में पुलिस ने उसके बड़े भाई सह झामुमो नेता जगदीश साहू का फर्द बयान दर्ज किया है. सोमवार सुबह सदर अस्पताल गुमला के शवगृह के पास बरामदे में गुमला थाना पुलिस ने बयान दर्ज किया. इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे सिसई थाना भेज दिया गया.

जगदीश साहू ने बयान में आरोप लगाया है कि 20 सितंबर की शाम करीब पांच बजे उनका छोटा भाई शिवप्रसाद साहू गांव के तेजू लोहरा के साथ खुजली की दवा लेने नगर जामपानी स्थित कथित झोलाछाप डॉ जितेंद्र मुंडा के पास गया था. वहां तेजू लोहरा को नस में इंजेक्शन दिया गया.

इसके बाद शिवप्रसाद ने भी खुजली की शिकायत बतायी, तो उसे भी इंजेक्शन लगाया गया. जगदीश साहू के अनुसार, घटना के बाद तेजू ने मोबाइल से परिजनों को सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे, तो शिवप्रसाद चेंबर में बेहोशी की हालत में पड़ा था. आरोप है कि डॉक्टर ने परिजनों से कहा कि करीब आधे घंटे में उसे होश आ जायेगा.

इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सिसई ले गये, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. बाद में शव सदर अस्पताल गुमला लाया गया. जगदीश साहू ने पुलिस को दिये बयान में डॉ जितेंद्र मुंडा द्वारा इलाज के दौरान कथित तौर पर गलत इंजेक्शन देने को भाई की मौत का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है. इधर, सोमवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका. शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >