प्रतिनिधि, गुमला गुमला शहर के बड़ाइक मुहल्ले में शुक्रवार की शाम एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. कहासुनी के दौरान आरोपी जितेंद्र बड़ाइक उर्फ सीताराम बड़ाइक ने गुस्से में आकर युवक अमित कुमार पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू सीधे उसके पेट में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गयी. सूचना मिलते ही गुमला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल घटना की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा और आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जायेगा.
युवक के पेट में मारा चाकू, आरोपी गिरफ्तार
युवक के पेट में मारा चाकू, आरोपी गिरफ्तार
