गुमला में तस्करी रोकने गई WCCB की टीम पर जानलेवा हमला, तस्कर ने चिल्लाया ‘बच्चा चोर’, ग्रामीणों ने केंद्रीय टीम को पीटा

WCCB Raid Gumla: झारखंड के जंगलों में पैंगोलिन तस्करों का दुस्साहस देखने को मिला है. गुमला के बिशुनपुर में छापेमारी करने पहुंची WCCB की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. पकड़े गए आरोपी ने ‘बच्चा चोर’ का शोर मचाकर भीड़ को भड़काया. पुलिस ने अब इस मामले में दोषियों की पहचान शुरू कर दी है.

WCCB Raid Gumla, गुमला (दुर्जय पासवान की रिपोर्ट): झारखंड के गुमला स्थित बिशुनपुर और लातेहार के गारू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में वन्यजीव तस्करों और अफवाह फैलाने वालों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है. रविवार को चिलम पोखर गांव के समीप कोयल नदी क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंची वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की छह सदस्यीय टीम पर तस्करों और स्थानीय ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया.

बच्चा चोर की अफवाह और पथराव

जय शर्मा के नेतृत्व में WCCB और महुआडांड़ फॉरेस्ट रेंज की टीम गुप्त सूचना पर विलुप्तप्राय पैंगोलिन की तस्करी रोकने पहुंची थी. जैसे ही टीम ने एक आरोपी को दबोचा, उसने खुद को छुड़ाने के लिए ‘बच्चा चोर-बच्चा चोर’ का शोर मचाना शुरू कर दिया. इस अफवाह के फैलते ही बिना सच्चाई जाने आसपास के सैकड़ों ग्रामीण जुट गए और केंद्रीय टीम व वनकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया.

Also Read: बोकारो के गोमिया में हाथियों का तांडव: महुआ चुनने गई महिला को पटककर मारा, जंगल में डेरा जमाए 16 गजराज

महिला आरोपी फरार, वनकर्मी घायल

भीड़ के उग्र होने का फायदा उठाकर पकड़ी गई एक महिला आरोपी ने वन विभाग के वाहन चालक के हाथ पर दांत काटकर खुद को छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गई. स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि टीम को अपनी जान बचाने के लिए अन्य आरोपियों को छोड़ना पड़ा. हालांकि, जांबाज टीम किसी तरह बरामद किए गए पैंगोलिन को सुरक्षित बचाकर वहां से निकलने में सफल रही, जिसे बाद में महुआडांड़ लाया गया.

पुलिस ने तस्करों का मोबाइल फोन बरामद किया

घटना की सूचना मिलते ही गुमला एसपी के निर्देश पर बिशुनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने वहां से तस्करों का एक मोबाइल फोन और विभाग का क्षतिग्रस्त कैंपर वाहन बरामद किया है. पुलिस ने साफ किया है कि हमलावरों और अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: क्या रांची में ‘सेटिंग’ गिरोह का हुआ भंडाफोड़? तमाड़ में 150 से अधिक अभ्यर्थी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >