घाघरा. प्रखंड मुख्यालय घाघरा के पाकरटोली स्थित पुरानी देवी मंडप का ग्रामीणों ने श्रमदान कर जीर्णोद्धार किया. पक्की ईंट से जोड़ाई के बाद ग्रामीणों ने श्रमदान कर मंडप की छत की ढलाई की.
बैठक के बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य
श्रमदान से पूर्व पहान चंदर उरांव और समाजसेवी उमेश उरांव की अगुवाई में बैठक हुई. बैठक में ग्रामीणों ने स्वेच्छा से चंदा एकत्र किया. इसके बाद सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए देवी मंडप के निर्माण कार्य में योगदान दिया.
पुराना था देवी मंडप
चंदर पहान ने बताया कि देवी मंडप काफी पुराना था. इसकी दीवार मिट्टी की थी और छत खपड़े से बनी थी. ग्रामीणों ने पक्की ईंट से दीवार की जोड़ाई कराने के बाद श्रमदान से छत की ढलाई भी की है.
निर्माण कार्य में दर्जनों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए. सभी ने श्रमदान कर देवी मंडप के निर्माण में अपना योगदान दिया.
