गुमला. विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर दंत चिकित्सक डॉ अविनाश कुमार ने लोगों से मुंह व दांतों की साफ-सफाई को लेकर जागरूक रहने की अपील की. उन्होंने बताया कि इस वर्ष का संदेश ए हैप्पी माउथ इज आ हैप्पी लाइफ बेहतर ओरल हेल्थ के प्रति लोगों को प्रेरित करता है. डॉ अविनाश के अनुसार, मुंह से बदबू आना सामान्य समस्या नहीं, बल्कि हैलिटोसिस का संकेत हो सकता है, जिसे नजरअंदाज करने से दांत और मसूड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की आदतों में सुधार बेहद जरूरी है. दांतों की सफाई के लिए सही टूल का उपयोग करें, रोज जीभ साफ करें और दांतों के बीच की जगह को अच्छी तरह साफ रखें, ताकि बैक्टीरिया पनपने न पायें. उन्होंने बताया कि च्युइंग गम चबाने से दुर्गंध कम करने में मदद मिलती है और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, खासकर रात में मुंह को हाइड्रेट रखता है. संतुलित और पौष्टिक आहार भी ओरल हेल्थ को बेहतर बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. डॉ अविनाश ने सलाह दी कि किसी समस्या को नजरअंदाज न करें और तुरंत दंत चिकित्सक से परामर्श लें. स्वास्थ्य विभाग ने भी जागरूकता बढ़ाते हुए बताया कि आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा, योजना संबंधी जानकारी के लिए 18003456540 और स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 पर संपर्क किया जा सकता है.
दांतों की सफाई के लिए सही टूल का उपयोग करें और रोज जीभ साफ करें : डॉ अनिवाश
विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस
