गुमला. महिला महाविद्यालय गुमला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रेरणादायक समारोह हुआ. मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव थीं. उनके आगमन पर महाविद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया. समारोह को लेकर महाविद्यालय परिसर में उत्साह व उमंग का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. छात्राओं ने प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य, गीत, नाटक व महिला सशक्तीकरण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम शामिल थे, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा. शकुंतला उरांव ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना जरूरी है. उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाने और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, बस जरूरत है आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सशक्त बनाना और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता फैलाना था. महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के आयोजन छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं. समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और महिला सशक्तीकरण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया.
आज महिलाएं किसी क्षेत्र में पीछे नहीं : शकुंतला
महिला महाविद्यालय गुमला में प्रेरणादायक समारोह का आयोजन
