गुमला: सदर थाना क्षेत्र के सांवरिया निवासी जीतराम भगत की तीन वर्षीय पुत्री अगस्ती कुमारी की बांकी नदी में डूबने से असमय मौत हो गयी. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार को पुलिस टीम के साथ पहुंचे एसआई मंगल टुडू ने बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है और मामले की कानूनी छानबीन शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार शनिवार को पूरा परिवार खेत में धान की रोपाई के लिये गया हुआ था. दोपहर लगभग दो बजे मृत बच्ची अपने बड़े भाई बासु भगत के साथ खाना खाने बैठी थी. इसी दौरान पिता जीतराम भगत घर पर दवा खाने चले गये. पिता के जाने के बाद खेलती हुई बच्ची अनजाने में पास स्थित बांकी नदी की तरफ निकल गयी. खेत लौटने पर जब बच्ची नहीं मिली, तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी.
शनिवार शाम तक स्थानीय प्रशासन की मदद से तलाश जारी रही, लेकिन बच्ची का कोई अता-पता नहीं चला. इसके बाद रविवार सुबह पुन: गहन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद बच्ची का बेजान शव बांकी नदी से बरामद हुआ. गौरतलब है कि जिले में पिछले दो-तीन दिनों से मानसून बेहद सक्रिय है.
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्षेत्र की तमाम नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी के लिये अलर्ट जारी कर रखा है और लोगों से अपील की है कि वे उफनती नदियां और नदी तटों के पास न जायें. बावजूद इसके, थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसों की वजह बन रही है.
