रायडीह. रायडीह थाना क्षेत्र में गौवंशीय पशुओं की तस्करी का मामला एक बार फिर सामने आया है. इस मामले में तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही तस्करी के लिए ले जाये जा रहे आठ पशुओं व एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया है. पुलिस ने जब्त पशुओं को स्थानीय ग्रामीणों के जिम्मे सौंप दिया है. जानकारी के अनुसार सिसई पुलिस को सूचना मिली थी कि गौ वंशीय पशुओं की तस्करी की जा रही है. इसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी की. पुलिस ने शनिवार की तड़के सुबह करीब चार बजे ही चौक-चौराहों पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया. जांच के दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन को रोकने का संकेत दिया गया. लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन को घुमा कर भागने की कोशिश की. पिकअप चालक भागते हुए गुमला पहुंचा और करमटोली होते हुए बांसडीह-कांसीर मार्ग की ओर निकल गया. इस दौरान सिसई पुलिस ने इसकी सूचना रायडीह व चैनपुर थाना की पुलिस को देते हुए सहयोग मांगा. पुलिस लगातार वाहन का पीछा करती रही. जब पिकअप वाहन कांसीर बस पड़ाव के पास पहुंचा, तो एक तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया. हादसे में वाहन में लदे सभी पशु सड़क पर बिखर गये. जिनमें से एक पशु की मौके पर ही मौत हो गयी. वाहन पलटने के बाद मौके पर पहुंची रायडीह पुलिस ने तीन पशु तस्करों क्रमश आलिम साईं (पिता- फिरोज साईं) व अरमान साईं (पिता- इशाक साईं दोनों ग्राम मुर्गू थाना सिसई व इमरान शाह पिता अफेजूल शाह ग्राम मदरसा रोड सिसई गुमला को गिरफ्तार किया गया. सभी पशुओं व पिकअप वाहन को जब्त कर लिया. जब्त के बाद पुलिस ने आठ पशुओं को ग्रामीणों के बीच वितरण कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते सख्त कदम उठाये, तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगायी जा सकती है.
गौवंशीय तस्करी मामले में तीन गिरफ्तार, आठ पशु व एक पिकअप जब्त
गौवंशीय तस्करी मामले में तीन गिरफ्तार, आठ पशु व एक पिकअप जब्त
