ग्रामीणों ने पैसे का लालच ठुकरा कर ट्रक को पकड़ा

अरमई गांव के पास 35 मवेशियों से भरा ट्रक जब्त, कई पशु घायल हालत में मिले

गुमला. गुमला जिले में ग्रामीणों की सतर्कता से पशु तस्करी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है. अरमई गांव के पास सोमवार सुबह ग्रामीणों ने मवेशियों से ठसाठस भरे एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि तस्करों ने ट्रक छोड़ने के बदले एक लाख रुपये तक की पेशकश की, लेकिन ग्रामीणों ने लालच को ठुकरा दिया. जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट वाले इस ट्रक में करीब 35 मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से लादा गया था, जिसमें कई पशु घायल अवस्था में पाये गये. ट्रक सिसई होते हुए रांची ले जाया जा रहा था और आगे बंगाल तक मवेशियों को पहुंचाने की योजना थी. ग्रामीणों को पहले से ही इस ट्रक की सूचना मिल चुकी थी. जैसे ट्रक बाइपास रोड से गुजरा, लोगों ने उसका पीछा किया और अरमई के पास बैरिकेडिंग कर उसे रोक लिया. मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन ग्रामीण डटे रहे. सूचना मिलने पर गुमला थाना की टीम एसआइ हेमा देवी के नेतृत्व में पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर उर्मी पुलिस टीओपी ले गयी. ग्रामीणों का आरोप है कि तस्करों ने ट्रक और चालक को छोड़ने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की, जिसे सिरे से नकार दिया गया. वहीं ट्रक की रेकी कर रही एक कार मौके का फायदा उठा कर फरार हो गयी. बाद में मवेशियों को अरमई पिकेट में उतारा गया और जिम्मेनामा के आधार पर किसानों के बीच बांट दिया गया. घटना ने इलाके में सक्रिय पशु तस्करी नेटवर्क पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं. बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से हर सप्ताह मवेशियों से भरे ट्रक झारखंड के रायडीह मार्ग से होते हुए गुमला, रांची और बंगाल तक पहुंचते हैं. इस अवैध कारोबार में स्थानीय स्तर पर कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जतायी जा रही है. हालांकि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती रही है, लेकिन तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है. ग्रामीणों की इस पहल को इलाके में सराहा जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >