आज होगा अध्यक्ष व पार्षदों के भाग्य का फैसला

नगर निकाय चुनाव. मतगणना केंद्र के अंदर तैनात रहेगी आइआरबी की एक टीम

गुमला. गुमला नगर परिषद के अध्यक्ष व 22 वार्ड पार्षदों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को होगा. आज गुमला को पहली बार महिला अध्यक्ष मिलेगी, वहीं 22 वार्डों के लिए कौन पार्षद जीतेंगे, इसका भी पता चलेगा. ऐसे 27 फरवरी को केओ कॉलेज में होने वाले मतगणना की पूरी तैयारी हो गयी है. मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी. आइआरबी की एक टीम मतगणना केंद्र के अंदर तैनात है, जो मतगणना के दौरान नजर रखेंगे. इसके अलावा 230 अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती गुमला शहर के अलावा मतगणना केंद्र में की गयी है. एसपी हरिश बिन जमां ने कहा है कि मतगणना केंद्र में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गयी है, ताकि शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना हो सके. रिजल्ट के बाद शहर में जुलूस निकलेगा. मुहल्ले में भी जश्न का माहौल रहेगा. इसके लिए जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है, ताकि हार जीत के बाद किसी प्रकार का टकराव की स्थिति उत्पन्न न हो. एसपी ने कहा कि कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से शहर की हर गतिविधि पर नजर रखीं जायेगी. साथ ही ऐसे वार्ड जहां रिजल्ट के बाद विवाद हो सकता है. उन मुहल्लों में सायरन बाइक के साथ पुलिस गश्ती रहेगी. इस दौरान प्रतिबंधित सामानों का उपयोग पर रोक है. एसपी ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि चुनाव जीतने के बाद शांतिपूर्ण तरीके से विजय जुलूस निकाले. किसी प्रकार का हुड़दंग न हो. चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है. इसमें हार जीत लगी रहती है. इसलिए रिजल्ट जो भी हो, उसका स्वागत करें.

22 टेबल पर दो राउंड में होगी काउंटिंग, प्रत्येक टेबल में तीन-तीन कर्मी गिनेंगे वोट

गुमला. नगर परिषद गुमला के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए संपन्न निर्वाचन की मतगणना 27 फरवरी को केओ कॉलेज परिसर स्थित मतगणना केंद्र में होगी. मतगणना केंद्र में मतगणना के लिए 22 टेबल बनाये गये हैं. प्रत्येक टेबल पर तीन-तीन मतगणना कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे. मतगणना दो चरणों (राउंड) में संपन्न होगी. प्रथम राउंड में बूथ संख्या 1 से 11 तक के मतों की गिनती की जायेगी, जबकि द्वितीय राउंड में बूथ संख्या 12 से 22 तक के मतों की गणना की जायेगी. इसके बाद अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया जायेगा. अध्यक्ष पद के लिए कुल नौ अभ्यर्थियों को वोट डाले गये हैं, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 112 अभ्यर्थी मैदान में हैं. मतगणना को लेकर मतगणना केंद्र पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं. केंद्र परिसर में मोबाइल फोन एवं तंबाकू पदार्थ ले जाने तथा उनके उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. सभी पोलिंग एजेंटों को पहचान पत्र निर्गत किये गये हैं. उनके आधार पर वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए मतगणना केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे. मतगणना केंद्र की सुरक्षा तीन स्तरीय (3-लेयर) व्यवस्था के अंतर्गत की गयी है. सुरक्षा को लेकर परिसर में 300 पुलिस बल की तैनाती की गयी है, जो विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए मुस्तैद रहेंगे. केंद्र में पार्किंग की भी व्यवस्था की गयी है.

इस रूट पर खड़ा कर सकते हैं वाहन

गुमला नगर परिषद क्षेत्र की ओर से आने वाले सभी वाहनों के लिए पार्किंग स्थल केओ कॉलेज गुमला से करमडीपा जाने वाले मार्ग स्थित चंदा बगीचा मैदान में निर्धारित किया गया है. केओ कॉलेज के मुख्य द्वार से 50 मीटर की दूरी पर गुमला जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग, मुख्य द्वार से 50 मीटर की दूरी पर पालकोट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग, मुख्य द्वार के दायें व बायें ओर बने बैरिकेडिंग क्षेत्र के बीच पैदल गश्ती की व्यवस्था, केओ कॉलेज से करमडीपा जाने वाले मार्ग के समीप विशेष निगरानी, ड्रॉप गेट व्यवस्था (भारी वाहनों हेतु रोक), घाघरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास रोकने, पुग्गू बाइपास, सिलम बाइपास एवं डुमरडीह बाइपास रोड के पास मतगणना केंद्र की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित लगाने की व्यवस्था की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >