गुमला. अलविदा-अलविदा की गूंज के बीच रमजान के आखिरी जुमे (जुमातुल विदा) की नमाज शुक्रवार को अकीदत व एहतराम के साथ अदा की गयी. मस्जिदों में पढ़े गए खुतबों की भावुक इबारत सुनकर रोजेदारों की आंखें नम हो गयीं. एक पाक और मुबारक महीने की विदाई की टीस लोगों के चेहरों पर साफ झलक रही थी. शहर की सभी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी. मुख्य नमाज जामा मस्जिद में अदा की गयी, जहां अंदर से लेकर बाहर तक नमाजी खचाखच भरे रहे. हालात ऐसे रहे कि कई लोगों को मस्जिद में जगह नहीं मिलने पर सड़कों पर ही नमाज अदा करनी पड़ी. जिले के एसपी हारिश बिन जमां समेत कई वरीय अधिकारियों ने भी मक्का मस्जिद में अलविदा जुमे की नमाज अदा की. यहां कारी शोएब ने इमामत करायी. आरिफ हुसैन अख्तर ने बताया कि नमाज के बाद देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गयीं. शहर की अन्य मस्जिदों में भी इसी तरह अकीदतमंदों की भीड़ देखने को मिली. इधर ईद का चांद नजर आते शहर में खुशी का माहौल छा गया. बाजारों में देर रात तक लोगों की भीड़ उमड़ी रही और ईद की खरीदारी जोरों पर चली. कपड़े, सेवइयां और अन्य जरूरत के सामानों की दुकानों पर खास रौनक देखी गयी. शनिवार को ईद उल्लासपूर्वक मनायी जायेगी.
ईद की नमाज का समय निर्धारित
अंजुमन इस्लामिया के प्रवक्ता आशिक अंसारी ने बताया कि ईद-उल-फितर की नमाज के लिए शहर की विभिन्न मस्जिदों में समय तय कर दिया गया है, ताकि नमाजियों को सुविधा मिल सके. जारी कार्यक्रम के अनुसार मदरसा फैज-ए-आम में सुबह 7:00 बजे नमाज होगी. मस्जिद रजा-ए-हबीब और मस्जिद-ए-जैनब में 7:30 बजे, कादरिया मस्जिद में 7:45 बजे नमाज अदा की जायेगी. गौशुलवरा और मस्जिद-ए-होदा में 8:00 बजे, रजा-ए-मुस्तफा, फैजान-ए-रजा और मक्का मस्जिद में 8:30 बजे नमाज होगी. गौसिया मोती मस्जिद में 8:45 बजे, जबकि मदीना मस्जिद और जामा मस्जिद में सुबह 9:00 बजे नमाज अदा की जायेगी. शहर के ईदगाह में सुबह 9:30 बजे मुख्य नमाज अदा होगी. यदि बारिश होती है, तो ईदगाह की नमाज जामा मस्जिद में अदा की जायेगी. आशिक अंसारी ने लोगों से अपील की है कि ईद की नमाज से पहले फितरा और जकात जरूर अदा करें, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंच सके.
