गुमला. गुमला एसपी हरिश बिन जमां ने जिले के सभी 18 थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री व पशु तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया है. एसपी शुक्रवार को अपराध समीक्षा बैठक कर रहे थे, जिसमें जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. अपराध गोष्ठी शुरू होने से पूर्व 23 फरवरी को प्रस्तावित नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण पर विस्तृत चर्चा की गयी. इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये. बैठक में लापता बच्चों के मामलों में उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके अनुपालन के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये. एसपी ने लंबित वारंटों व कुर्की के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया. हत्या, बलात्कार, पोक्सो, एसटी-एससी, लूट, डकैती, गृहभेदन एवं अपहरण जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा की गयी. साथ ही अवैध उत्खनन, बालू एवं चिप्स तस्करी में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, डायन प्रथा, मानव तस्करी, पलायन तथा महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए आमजनों के बीच जागरूकता फैलाने पर बल दिया गया. एसपी ने बताया कि लंबित वारंट, कुर्की, गैर-तामिला वारंट, लाल वारंट एवं न्यायालय द्वारा निर्गत स्थायी वारंटों की समीक्षा की गयी है और इनके शत-प्रतिशत निष्पादन का निर्देश दिया गया है. अप्राकृतिक मृत्यु के मामलों में अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित अनुसंधान करने के निर्देश दिये गये. लूट, डकैती व गृहभेदन की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये. एसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि थाना में आने वाले आम नागरिकों के साथ पुलिसकर्मी मधुर व्यवहार करें, उनकी समस्याओं का समाधान करें और समाधान संभव न होने की स्थिति में बिना विलंब प्राथमिकी दर्ज की जाये.
मादक पदार्थों की बिक्री व पशु तस्करी पर सख्ती बरतें: एसपी
एसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में 18 थानों के प्रभारियों को दिये दिशा-निर्देश
