गुमला: परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम की मरम्मत पर एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे. अभी इस मरम्मत को एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन मैदान की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं. मैदान में खिलाड़ियों के लिए लगाई गई घास की जगह अब जंगली घास उग आई है. इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में काफी परेशानी हो रही है.
ये भी पढ़ें -राजस्व संग्रह में पिछड़ा झारखंड, नाराज वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अभ्यास के समय मैदान से घास हटाने में जुटे खिलाड़ी
मैदान की बदहाल स्थिति से परेशान होकर खिलाड़ी अब खुद ही मैदान की घास हटाने में जुट गए हैं. नेशनल स्तर के खिलाड़ी अपने अभ्यास के समय मैदान से जंगली घास निकाल रहे हैं, ताकि उन्हें खेलने और अभ्यास करने में परेशानी न हो.
खिलाड़ियों का कहना है कि जिस स्टेडियम की मरम्मत पर बड़ी राशि खर्च की गई, वहां इतनी कम अवधि में मैदान की स्थिति खराब होना चिंता का विषय है. खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास की सुविधा देने के लिए मैदान के रख-रखाव पर ध्यान देने की जरूरत है.
