गुमला. संत पैट्रिक स्कूल, गुमला में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह के माहौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी जेम्स लकड़ा उपस्थित रहे. वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर नाबोर मिंज ने की. समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई.
बच्चों ने दी आकर्षक प्रस्तुति
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण, नाटक सहित कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया. देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुति देकर वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया.
स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं
मुख्य अतिथि जेम्स लकड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं. आज की पीढ़ी देश के भविष्य की जिम्मेदारी संभालने वाली है. विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति समर्पण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा और जिम्मेदार नागरिकता को मजबूत करना भी जरूरी है.
राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए
उन्होंने कहा कि देश की तरक्की तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग मिलकर आगे बढ़ें. युवाओं को शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान हासिल कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक का उपयोग सकारात्मक कार्यों तथा ज्ञान बढ़ाने के लिए करें.
ये भी पढ़ें: झारखंड की 5 महिला स्वतंत्रता सेनानी, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की ईंट से ईंट बजा दी
स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद
प्रधानाध्यापक फादर नाबोर मिंज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है.उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे.
