युवाओं को जल संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनायें

युवाओं को जल संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनायें

गुमला. डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला में जल पखवारा 2026 के उपलक्ष्य में जल संरक्षण के प्रति छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम हुआ. विद्यालय के ऑफिसिएटिंग प्रिंसिपल पवित्र कुमार मोहंती ने कहा कि जल ही जीवन है और इसके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना असंभव है. आज विश्व के कई हिस्से भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं. ऐसे में यह आवश्यक है कि हम युवा पीढ़ी को जल संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनायें. मुझे विश्वास है कि हमारे छात्र न केवल स्वयं जल बचायेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी जल संचयन के लिए प्रेरित करेंगे. इस वर्ष जल पखवारा 2026 की थीम जल बचायें, भविष्य सुरक्षित करें रखी गयी है. यह विषय वर्तमान समय में बढ़ते जल संकट, भूजल स्तर में गिरावट और अनियमित वर्षा को देखते हुए अत्यंत प्रासंगिक है. कार्यक्रम के दौरान सीसीए इंचार्ज संजुक्ता खटुआ ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलायी.

सिसई में 12 मई को निकलेगी आक्रोश रैली

सिसई. जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले गुरुवार को प्रखंड संयोजक सोमेश्वर उरांव की अध्यक्षता में बैठक पिलखी मोड़ स्थित संजय कुमार वर्मा के आवास पर हुई. बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जनजाति सुरक्षा मंच के रांची जिला संयोजक जगरनाथ भगत विशेष रूप से उपस्थित हुए. बैठक में कार्यकर्ताओं ने रैली को ऐतिहासिक बनाने और समाज की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया. इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 12 मई 2026 को क्षेत्र में एक विशाल आक्रोश रैली निकाली जायेगी. यह रैली केंद्रीय सरना स्थल से शुरू होकर जीता पत्रा में पहुंच कर संपन्न होगी. वक्ताओं ने रैली की तैयारियों और जनजातीय हितों की रक्षा पर बल दिया. आयोजन में संजय पहान, आनंद कुमार साहू, विश्व भूषण खड़िया, बालेश्वर उरांव, सोमेश्वर उरांव, जागेश्वर गोप, दिनेश उरांव, चरवा उरांव, देवकू भगत, रिचर्डसन एक्का, बंदी मिंज, जोगेंद्र उरांव, शिव साहू, सुमित महली, बहुरन लोहारा, करण गोप आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >