सिसई. प्रखंड के साताशिली रामनवमी मैदान में जेएलकेएम द्वारा आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ का फाइनल मंगलवार को खेला गया. रोमांचक मुकाबले में जेगो धावठाटोली गुमला (जेडीटी) की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में सरना ब्रदर्स बरटोली को एक गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया. प्रतियोगिता में अंतरजिला स्तर की 32 टीमों ने हिस्सा लिया.
फाइनल मैच में मुख्य अतिथि डुमरी विधायक सह जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो थे. कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले उनके काफिले ने शहीद तेलंगा खडिया और शहीद लोहरा उरांव की प्रतिमा पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.
मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 25 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये, तीसरे स्थान की टीम को 15 हजार रुपये और चौथे स्थान की टीम को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. पांचवें से आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपये दिये गये.
जयराम महतो ने खिलाड़ियों का उत्साह बढाते हुए कहा कि खेल में जीत-हार होती रहती है, लेकिन खेल टीम भावना, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देता है. उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढने के लिए प्रेरित किया.
इस दौरान जयराम महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए जेपीएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले को लेकर सरकार और सत्तारूढ दल पर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में गरीब परिवारों के युवाओं के लिए पढाई के बाद रोजगार हासिल करना कठिन बना हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की नौकरियों में बाहरी लोगों को अवसर दिया जा रहा है.
