गुमला. खरवार भोगता समाज विकास संघ गुमला की बैठक मंगल सिंह भोगता होटल के सभागार में हुई. बैठक में 21 मार्च को प्रकृति पूजा सरहुल पर्व धूमधाम से मनाने तथा केंद्रीय सरहुल जुलूस में खोड़हा दल के साथ शामिल होने का निर्णय लिया गया. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जीतू प्रधान ने की. प्रमंडलीय अध्यक्ष मंगल सिंह भोगता ने कहा कि सरहुल प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है, जो जीवन के आधार को सम्मान देने का संदेश देता है. बताया कि 21 मार्च को समाज के लोग पालकोट रोड स्थित सामाजिक कार्यालय में एकत्रित होंगे, जहां विधि-विधान से सरना माता व प्रकृति की पूजा-अर्चना की जायेगी. बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के लोग पारंपरिक वेश-भूषा, वाद्य यंत्र, झंडा व खोड़हा के साथ केंद्रीय सरहुल जुलूस में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे. इसके लिए गांव-गांव में प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. इसके अलावा पूजन सामग्री, प्रसाद, भोजन तथा नगाड़ा-मांदर जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की व्यवस्था पर भी चर्चा की गयी. बैठक में संरक्षक विश्वनाथ प्रधान, सचिव भरत प्रधान, कोषाध्यक्ष शिव शंकर भोगता, प्रवीण प्रधान, हीरालाल प्रधान, धनेश्वर भोगता, डब्ल्यू प्रधान, सुनीता कुमारी आदि उपस्थित थे.
सरहुल प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व : मंगल
खरवार भोगता समाज विकास संघ गुमला की बैठक
