गुमला. गुमला शहर के पालकोट रोड स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर में गुरुवार को लायंस क्लब गुमला के तत्वावधान में विश्व साक्षरता दिवस एवं शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष ला. पदम कुमार साबू ने की. जबकि मंच संचालन विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद लाल ने किया.
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के साथ-साथ पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है. बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया. दो सेवानिवृत्त शिक्षकों जय किशोर प्रजापति एवं मैत्री अधिकारी को लायंस क्लब के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया. क्लब अध्यक्ष ला.
पदम कुमार साबू ने कहा कि “शिक्षक वह दीपक है, जो अंधेरा मिटाकर बच्चों के भविष्य को उजाला बनाता है. सचिव एमजेएफ डॉ शंकर लाल जाजोदिया ने कहा कि साक्षरता से ही समाज में बदलाव आता है और शिक्षा सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने शिक्षक की भूमिका की तुलना कुम्हार से करते हुए कहा कि जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी को आकार देकर सुंदर बर्तन बनाता है.
उसी प्रकार शिक्षक बच्चों के जीवन को सही दिशा देकर उनका भविष्य संवारते हैं. कोषाध्यक्ष ला संजय अग्रवाल, ला मुरली मनोहर प्रसाद, ला पवन कुमार अग्रवाल, ला गुलाबचंद प्रसाद एवं जिला अध्यक्ष ला अशोक कुमार जायसवाल ने भी अपने विचार रखे. कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद लाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया. लायंस क्लब की ओर से विद्यालय के निदेशक संजीव कुमार गुप्ता के विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया.
