गुमला. शुक्रवार की शाम शहर के केओ कॉलेज के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें रिटायर्ड बीएसएफ जवान चंद्रू गोप गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, चंद्रू गोप तरी डीपा टोली के निवासी हैं और रामनवमी की तैयारी के सिलसिले में शहर आये थे. शाम करीब साढ़े चार बजे वे अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने तेज रफ्तार और स्टंट करते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों युवक बाइक को लहराते हुए चला रहे थे और पहले भी कई राहगीर उनकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे थे. अचानक हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद्रू गोप सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आयी. वहीं, तीनों युवक भी घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया. चंद्रू गोप को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. बताया जाता है कि तीनों युवक कुम्हारिया गांव के रहने वाले हैं और किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. हादसे के बाद, घायल अवस्था में वे अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गये. सूचना मिलने पर एसआई सुनील पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और चंद्रू गोप की क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना ले आये. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार युवकों की तलाश तेज कर दी है.
रिटायर्ड बीएसएफ जवान गंभीर, स्टंट कर रहे युवकों की बाइक से टक्कर
रिटायर्ड बीएसएफ जवान गंभीर, स्टंट कर रहे युवकों की बाइक से टक्कर
