दुबई में लापता उदय की तलाश के लिए बड़ा कदम, पिता समेत दो लोगों को भेजा जायेगा दुबई

दुबई में लापता गुमला के उदय गोप की तलाश के लिए प्रेजा फाउंडेशन ने परिजनों को दुबई भेजने का लिखित आश्वासन दिया है. धरना प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.

गुमला. दुबई में लापता गुमला जिले के सिसई प्रखंड अंतर्गत नगर कुसुमटोली निवासी उदय गोप की सुरक्षित बरामदगी और सकुशल भारत वापसी की मांग को लेकर चल रहे प्रयासों के बीच सोमवार को प्रवासी मजदूर कार्यालय रांची में संयुक्त बैठक हुई. बैठक में अहीर सेना झारखंड, उदय गोप के परिजन, प्रेजा फाउंडेशन और प्रवासी मजदूर कार्यालय के प्रतिनिधि शामिल हुए.

उदय गोप के मामले पर हुई विस्तार से चर्चा

बैठक में उदय गोप के मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. अहीर सेना झारखंड ने पूर्व में सरकार और संबंधित संस्थाओं के समक्ष रखी गयी मांगों को प्रमुखता से उठाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेजा फाउंडेशन ने संगठन की मांगों पर लिखित जवाब और आश्वासन दिया.

पिता और चंदन कुमार गोप को भेजा जायेगा दुबई

लिखित आश्वासन के अनुसार, उदय गोप के पिता अमर गोप और चंदन कुमार गोप को मामला दर्ज कराने तथा उदय की खोजबीन की प्रक्रिया में सहयोग के लिए दुबई भेजा जायेगा. यात्रा एवं आवश्यक खर्च कंपनी द्वारा वहन किया जायेगा. दोनों के साथ कंपनी का एक प्रतिनिधि भी दुबई जायेगा.

भारतीय काउंसलेट और दुबई पुलिस से समन्वय कर होगी खोजबीन

वहां शोभा कंस्ट्रक्शन भारतीय काउंसलेट और दुबई पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर खोजबीन एवं कानूनी प्रक्रिया में सहयोग किया जायेगा.

1 सितंबर का धरना-प्रदर्शन स्थगित

अहीर सेना झारखंड के सचिव देवनारायण गोप ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि उदय गोप की सुरक्षित बरामदगी और परिवार को न्याय दिलाना है. लिखित आश्वासन को देखते हुए एक सितंबर 2026 को रेड़वा में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.

‘आंदोलन समाप्त नहीं हुआ’, कार्रवाई पर नजर रखेगा संगठन

सह सचिव जनक गोप ने कहा कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है. संगठन उदय की खोजबीन और कार्रवाई पर नजर रखेगा. आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जायेगी. संगठन ने समाज के लोगों से शांतिपूर्ण और संगठित तरीके से सहयोग करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >