कामडारा (गुमला): प्रखंड के संत अलोईस चर्च कुदा के समीप खूंटी-कोलेबिरा मुख्य पथ पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य पूरा हुए करीब पांच वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक एक बार भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई है.
सड़क से उखड़ रही गिट्टी
उक्त सड़क का निर्माण वर्ष 2017 में शिवालया कंपनी द्वारा किया गया था. वर्तमान में सड़क के ढलान वाले हिस्से में तीन-चार स्थानों पर बड़े गड्ढे हो गए हैं. सड़क की गिट्टी उखड़कर बाहर निकल गई है. इससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है.
ये भी पढ़े- दुष्कर्म पीड़िता को कोर्ट में गवाही नहीं देने की धमकी, DGP से मांगी सुरक्षा
तेज रफ्तार बाइक सवार हो रहे दुर्घटना के शिकार
गड्ढों के कारण तेज रफ्तार से आने-जाने वाले बाइक सवार अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. वहीं बड़े वाहनों को भी इन स्थानों से गुजरते समय रफ्तार धीमी करनी पड़ रही है. इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क की स्थिति का जायजा लेकर जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
