पिकअप वाहन पलटने से 22 लोग घायल, सात की हालत गंभीर

मेहमानी से लौटते वक्त डेवीडीह के पास टूटी पत्ती, हादसे में अफरा-तफरी का माहौल

गुमला. घाघरा थाना क्षेत्र के डेवीडीह के समीप सोमवार रात करीब नौ बजे एक पिकअप वाहन पलट गया. दुर्घटना में कुल 22 लोग घायल हो गये, जिनमें सात की हालत गंभीर बतायी जा रही है. गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत सदर अस्पताल, गुमला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में रायडीह थाना क्षेत्र के कोबीटोली गांव की समीक्षा उरांव (15), रिंकी मिंज (18), बिपा देवी (35), राकेश उरांव (28), चेतन उरांव (25), अटरिया गांव के दुर्गा उरांव (39), तथा गोड़ी टोली के महावीर मुंडा (35) शामिल हैं, बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी. जानकारी के अनुसार, कोबीटोली गांव के लोग नवडीहा गांव में आयोजित बड़ा मेहमानी कार्यक्रम में शामिल होने पिकअप वाहन से गये थे. लौटते समय डेवीडीह के पास वाहन की पत्ती टूट गयी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ा और दोनों अगले चक्के वाहन से अलग हो गये. इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. बताया गया कि वाहन के अंदर 15 लोग बैठे थे, जबकि सात लोग छत पर सवार थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >