गुमला : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों के निराकरण, दावों-आपत्तियों के निस्तारण और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है. जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नामित नोडल पदाधिकारियों की उपस्थिति में बीएलओ और संबंधित कर्मियों द्वारा सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष शिविर लगाये जा रहे हैं.
इन शिविरों में मतदाताओं के मामलों की सुनवाई
नोटिस तामिला और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है. इस क्रम में सोमवार को रायडीह प्रखंड के सिलम पंचायत भवन में विशेष शिविर लगाया गया. नोडल पदाधिकारी ललन कुमार रजक की उपस्थिति में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदाताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई तथा जरूरी कागजातों की जांच की गयी. शिविर के दौरान एसआइआर 2026 के तहत जारी नोटिस संबंधित मतदाताओं को उपलब्ध कराये गये.
ये भी पढ़ें: बिशुनपुर में SIR 2026 को लेकर तीन जगह विशेष शिविर, मतदाता सूची की त्रुटियों पर दर्ज हुईं दावा-आपत्तियां
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 2,11,373 को नोटिस
नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों ने अपने दावों और आपत्तियों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज जमा किये. प्राप्त कागजात और सत्यापन से जुड़ी कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन अपलोड की जायेगी. मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया गया है. इसके बाद दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक निर्धारित है.
प्रकाशित सूची में विसंगतियों अथवा मैपिंग नहीं होने से जुड़े मामलों में नोटिस जारी करने और सत्यापन की प्रक्रिया पांच अगस्त से तीन अक्तूबर 2026 तक चलेगी. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण भी निर्धारित अवधि में किया जायेगा. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सात अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है. जिला निर्वाचन कार्यालय, गुमला से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एसआइआर 2026 के तहत कुल 2,11,373 नोटिस केस चिह्नित किये गये हैं.
इनमें 67-सिसई विधानसभा क्षेत्र के 72,285, 68-गुमला के 66,956 और 69-विशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के 72,132 मामले शामिल हैं. ये मामले कुल 1,019 बूथ/भाग से संबंधित हैं. चिह्नित मामलों में 1,73,929 विसंगतियां, 29,698 नो मैपिंग और 7,746 लंबित सत्यापन (पेंडिंग डीएससी) के मामले हैं. निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित मतदाताओं से आवश्यक कागजात लेकर उनका सत्यापन किया जा रहा है और जानकारी ऑनलाइन अपलोड की जा रही है.
नोटिस पाने वाले मतदाता दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचें
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित शिविर या सुनवाई स्थल पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समय पर दस्तावेज जमा करने से दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी.
ये भी पढ़ें: मेदिनीनगर में 27 अगस्त को ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ का आयोजन, PM मोदी करेंगे युवाओं से वर्चुअल संवाद
