बाजारटांड़ में जलमीनार निर्माण का विरोध, नगर परिषद की टीम बैरंग लौटी

दुकानदारों और स्थानीय लोगों के एकजुट होकर विरोध करने पर रुका काम

30 अप्रैल तक निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वर्ल्ड बैंक की राशि लौटाने की चेतावनी गुमला. गुमला शहर के साप्ताहिक बाजारटांड़ में मस्जिद के सामने प्रस्तावित जलमीनार निर्माण कार्य सोमवार को भारी विरोध के कारण शुरू नहीं हो सका. नगर परिषद गुमला की टीम, जिसमें अध्यक्ष शकुंतला उरांव, उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी और सिटी मैनेजर हेलाल अहमद खान शामिल थे. सदर थाना पुलिस बल और बुलडोजर के साथ स्थल पर पहुंची थी. टीम का उद्देश्य निर्माण स्थल पर मौजूद दुकानों को हटा कर काम शुरू कराना था. बताया जाता है कि उक्त स्थल पर कुल छह दुकानें संचालित हैं, जिनमें एक कबाड़ी दुकान, दो गोदाम और तीन मुर्गी की दुकानें शामिल हैं. टीम के पहुंचते सबसे पहले मुर्गी विक्रेता इरफान अंसारी की दुकान पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे दुकान क्षतिग्रस्त हो गयी. इसके बाद दुकानदारों व स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर विरोध शुरू कर दिया. दुकानदारों का कहना है कि वे जमीन का किराया देकर दुकान चला रहे हैं, ऐसे में अचानक हटाने की कार्रवाई गलत है. बढ़ते विरोध के बीच नगर परिषद के अधिकारियों और पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा. गौरतलब है कि गुमला शहर में बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए वर्ल्ड बैंक की सहायता से टुकुटोली, जिला स्कूल मैदान और बाजारटांड़ समेत कुल पांच स्थानों पर जलमीनार निर्माण की योजना है. इस परियोजना पर लगभग 116 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. निर्माण कार्य नगर विकास विभाग द्वारा जुडगो कंपनी को सौंपा गया है और टुकुटोली में काम शुरू भी हो चुका है. इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि बाजारटांड़ सरकारी जमीन है और शहर में इतनी बड़ी उपलब्ध जमीन कहीं और नहीं है, इसलिए यहां जलमीनार प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि यदि 30 अप्रैल तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वर्ल्ड बैंक की राशि वापस करनी पड़ सकती है. साथ ही चेतावनी दी कि यदि विरोध जारी रहा, तो प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >