गुमला. कोयंजारा गांव में डायन-बिसाही का आरोप लगा कर एक परिवार के साथ मारपीट व सामाजिक बहिष्कार की धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि चार मई को थाना में लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. कार्रवाई नहीं होने से निराश पीड़ित परिवार एक सप्ताह बाद फिर से थाना पहुंचा और न्याय की गुहार लगायी है. मामले में कोयंजारा गढ़टोली निवासी संजय कुल्लू ने बताया कि चार मई को वह अपने पिता बिरसा खड़िया, मां फेतो खड़ियाइन व भाइयों के साथ खेत में हल चला रहा था. इस दौरान गांव के कई लोग लाठी-डंडा, टांगी और बलुआ लेकर पहुंचे और उसके माता-पिता पर जादू-टोना कर लोगों को बीमार करने का आरोप लगाने लगे. विरोध करने पर पूरे परिवार के साथ मारपीट की गयी तथा गांव और समाज से बाहर करने की धमकी दी गयी. पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे वरीय अधिकारियों से शिकायत करेंगे. इस मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी है.
डायन प्रताड़ना मामले में कार्रवाई नहीं, न्याय की गुहार
डायन प्रताड़ना मामले में कार्रवाई नहीं, न्याय की गुहार
