गुमला में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो घंटे में चारों आरोपी गिरफ्तार

Gumla: भरनो थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक युवती के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. युवती ने थाने में शिकायत की और चारों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

दुर्जय पासवान
Gumla: भरनो थाना क्षेत्र के समसेरा नदी के समीप एक 20 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म हुआ है. हालांकि, दुष्कर्म के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को भरनो पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया. आरोपियों में समसेरा गांव निवासी राजकुमार उरांव (21 वर्ष), विष्णु गोप (19 वर्ष), नरकोपी थाना क्षेत्र के मसियातू गांव निवासी विकास मुंडा (22 वर्ष) और बटकुरी गांव निवासी विकास उरांव (21 वर्ष) शामिल हैं. दुष्कर्म की घटना सोमवार की शाम करीब सात बजे की है.

रात में ही थाने पहुंची पीड़िता

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता रायकेरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गयी थी. चारों आरोपी युवक भी उसी शादी समारोह में गए थे. शादी समारोह में शामिल होने के बाद युवती वापस अपने गांव जाने के लिए समारोह स्थल से बाहर निकली. तभी एक आरोपी ने उसे घर पहुंचाने की बात कहकर अपनी बाइक पर बिठा लिया और समसेरा नदी के समीप बाइक रोककर अपने तीन अन्य दोस्तों को भी वहां बुला लिया. इसके बाद चारों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर भाग गये. युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी.

इस प्रकार पकड़ाये आरोपी

युवती एक आरोपी को पहचान चुकी थी. रात में ही युवती अपने परिजनों के साथ थाना पहुंची और आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कराया. जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कंचन प्रजापति और एसआइ अभिनंदन कुमार ने दलबल के साथ छापामारी कर महज दो घंटे में ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार की सुबह न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

थाना प्रभारी ने क्या कहा

थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी बच्चियों को शादी-विवाह, जतरा-मेला में अकेले नहीं भेजें. इस तरह की घटना कई बार हो रही है. इससे पूर्व भी एक युवती जायरा जतरा देखकर शाम को अकेले घर जा रही थी और उसके साथ गैंगरेप की घटना घटी थी.

ये भी पढ़ें…

Air Ambulance Crash: 8 लाख रुपये उधार लेकर ईलाज कराने गए थे संजय, घर लौटा शव

Air Ambulance Crash: रात भर हादसे वाली जगह जमे रहे डीसी-एसपी, DGCA जुटा रहा सबूत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >