गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र के कटिंबा गांव निवासी 27 वर्षीय विनय तिग्गा पिता नजरीयुस तिग्गा के लापता होने के करीब नौ महीने बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए उसका नरकंकाल बरामद किया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में बंझर गांव निवासी अजय बरवा (पिता स्व राजेश बरवा), ग्रेगोरी बरवा और दीपक बरवा (पिता स्व जोवाकिम बरवा) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
जारी थाने में दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनय तिग्गा 1 अक्तूबर 2025 को फुटबॉल मैच देखने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों ने जारी थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी. इसके बाद परिजन और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रहे थेख, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था. बताया जा रहा है कि फुटबॉल ग्राउंड में विवाद के बाद हत्या की गयी थी. पहले से भी विवाद था.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने सुलझाया मामला
जारी थाना प्रभारी शनि कुमार को गुप्त सूचना मिली कि विनय की हत्या उसके ही कुछ दोस्तों ने कर दी थी. सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि शव को बंझर डांड़टोली स्थित एक कुएं में फेंक दिया गया था.
इसे भी पढ़ें: गुमला के गिरजा टंगराटोली में पानी और आंगनबाड़ी की बदहाली पर हाईकोर्ट सख्त, डीसी को निर्देश
मजिस्ट्रेट की निगरानी में निकाला गया कंकाल
आरोपियों की निशानदेही पर जारी प्रखंड के अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता की मजिस्ट्रेट निगरानी में पुलिस ने कुएं से मानव कंकाल बरामद किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंकाल को पहचान और जांच के लिये गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है. घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: रांची में सशस्त्र बलों के लिए आई चेकअप कैंप, राज्यपाल से मिलीं वाइस एडमिरल आरती सारिन
