गुमला. जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से 90 दिवसीय ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत गुरुवार को सिविल कोर्ट परिसर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. अभियान 30 दिसंबर तक चलेगा.
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि मध्यस्थता विवादों के त्वरित, सरल, कम खर्चीले और सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है. इसमें विवाद के पक्षकार आपसी संवाद और सहमति के आधार पर समाधान तक पहुंचते हैं. इससे समय और धन की बचत होने के साथ आपसी संबंध भी बेहतर बने रहते हैं.
डालसा सचिव ने बताया कि मोबाइल वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को मध्यस्थता की प्रक्रिया, उपयोगिता और लाभों के प्रति जागरूक करेगी. लोगों को यह भी बताया जायेगा कि न्यायालय में लंबित मामलों के अलावा न्यायालय जाने से पूर्व योग्य विवादों का भी मध्यस्थता के माध्यम से समाधान कराया जा सकता है.
डालसा की ओर से आम लोगों से अपील की गयी कि विवादों को बढ़ाने के बजाय संवाद और मध्यस्थता का रास्ता अपनायें. मध्यस्थता के माध्यम से विवाद का समाधान होने के साथ पक्षकारों के बीच विश्वास और सौहार्द भी कायम रहता है.
