गुमला. शहर से सटे करौंदी गांव में रास्ते के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने अमर नायक के घर पर घुस कर हमला किया है. अमर नायक को लाठी डंडा से पीट कर अधमरा कर दिया. इस दौरान बचाने पहुंची पत्नी व मां को भी हमलावरों ने पीटा है. हमलावरों ने अमर नायक को घर के अंदर पीटने के बाद घसीट कर बाहर निकाला. इसके बाद जमकर पीटा. इसके बाद मरा हुआ समझकर उसे छोड़ कर भाग गये. इधर घटना की सूचना पर पहुंची गुमला थाना की पुलिस ने अमर नायक को गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस संबंध में अमर नायक की पत्नी लक्ष्मी देवी ने गुमला थाना को लिखित आवेदन सौंप कर कार्रवाई करने की मांग की है, जिसमें उन्होंने गांव के ही धनी नायक, विकास नायक, राहुल नायक, कमलेश नायक व झुमरा नायक को आरोपी बनायी है. थाना में दिये आवेदन में लक्ष्मी ने कहा है कि उसका पति अपने में कंबल ओढ़ कर सो रहा था, तभी सभी हमलावर लाठी डंडे लेकर पहुंचे और घर में घुस कर सो रहे अमर नायक पर हमला कर दिया. इसके बाद विस्तार से उसे घसीटते हुए घर के बाहर निकला और बेरहमी से पीटा. जब घर के सदस्य बचाने गये, तो हमलोगों को भी पीटा है. लक्ष्मी देवी ने कहा है कि कुछ दिन पहले रास्ता का विवाद हुआ था. इसके बाद सभी लोगों ने मिलकर अमर को पीटा है. बचाने के क्रम में मैं, मेरी सास, गोतनी व बच्चे भी घायल हो गये. मारपीट करने के बाद हमलावर चले गये. पुलिस को सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
