गुमलाः झालसा के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुमला अजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रविवार को जिले के सभी 12 प्रखंड कार्यालयों में विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. जिलेभर में आयोजित शिविरों के माध्यम से कुल 9,523 लाभुकों के बीच करीब 39 करोड़ 19 लाख 49 हजार रुपए की परिसंपत्तियों और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया.
किसान क्रेडिट कार्ड से लेकर पेंशन तक का मिला लाभ
शिविर में लाभुकों के बीच किसान क्रेडिट कार्ड, आवास योजना के स्वीकृति पत्र, जॉब कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया. दिव्यांगजनों के बीच व्हीलचेयर का भी वितरण किया गया. शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा.
ये भी पढ़ें- दो फल दुकानों में जा घुसा तेज रफ्तार वाहन, दो युवक घायल
गुमला में आयोजित हुआ मुख्य शिविर
गुमला प्रखंड में आयोजित मुख्य शिविर का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अंचल अधिकारी हरीश कुमार, बीडीओ अशोक चोपड़ा एवं इंदु पांडे ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया गया. इसके बाद बीडीओ ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है योजनाओं का लाभ: अजीत कुमार सिंह
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं का लाभ पहुंचाना है. जानकारी के अभाव में गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के लोग कई बार योजनाओं से वंचित रह जाते हैं. ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिए डालसा लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहा है.
उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनने और नशे के खिलाफ अभियान चलाने का आह्वान किया. साथ ही अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखते हुए शिक्षा की ओर आगे बढ़ाने की अपील की, ताकि वे भविष्य में अच्छे नागरिक बनकर परिवार और समाज का सहारा बन सकें.
ये भी पढ़ें- नाबालिग ने दिया मृत नवजात को जन्म, आरोपी महिला गिरफ्तार; आंगन में दफन था शव
