गुमला. स्वास्थ्य विभाग, गुमला की ओर से कोटाम क्षेत्र में समेकित स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध करायी गयी. इस दौरान कुल 248 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गयी.
डाक्टरी सलाह और दवाएं उपलब्ध करायी गयीं
शिविर में टीबी, मलेरिया, हीमोग्लोबिन, हेपेटाइटिस, सिफलिस, एचआईवी, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गयी. जांच के दौरान आवश्यकता के अनुसार मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध करायी गयीं. शिविर में जिला टीबी पदाधिकारी डॉ. केके मिश्रा, डॉ तन्नु कुमारी तथा सदर गुमला के चिकित्सा प्रभारी डॉ क्रिस्टो मंगल बोदरा ने मरीजों की जांच की.
संक्रामक रोगों के प्रति लोगों में जागरूकता
स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को विभिन्न रोगों की समय पर पहचान और उपचार के महत्व की जानकारी दी. विशेष रूप से टीबी जैसे संक्रामक रोगों के लक्षण, समय पर जांच और उपचार को लेकर लोगों को जागरूक किया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के पहुंच को बढ़ाना
शिविर के सफल आयोजन में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी एलेक्स प्रेमा लकड़ा व रेशमा दीपिका कुजूर, एएनएम नील कुसुम मिंज, शैला मिंज व ऊषा कुमारी, एमपीडब्ल्यू शौरव कुमार, प्रयोगशाला तकनीशियन भरत राम, लतिक चंद्र कुम्भकार, परामर्शी युगान्त कुमार, शिल्पी कुमारी, उदय प्रताप ओहदार समेत क्षेत्र की सहियाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. डॉ केके मिश्रा ने कहा है कि स्वास्थ्य कैंप के अनुसार, इस तरह के समेकित स्वास्थ्य जांच शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है, ताकि लोगों को समय पर जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श मिल सके.
ये भी पढ़ें: चार माह में टीबी मुक्त होगा गुमला,169 पंचायतों पर फोकस
ये भी पढ़ें: लायंस क्लब गुमला फैमिली की पहल, वृद्धाश्रम में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
