डुमरी. कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय डुमरी में वायरल फीवर से छात्राओं के पीड़ित होने के बाद बुधवार को विद्यालय परिसर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया. प्रभारी चिकित्सक डॉ अलबेल केरकेट्टा की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय की सभी छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की.
डॉ अलबेल केरकेट्टा ने बताया कि मंगलवार रात विद्यालय की 70 से अधिक छात्राएं वायरल फीवर से पीड़ित थीं. छात्राओं की संख्या को देखते हुए विद्यालय परिसर में ही कैंप लगाकर सभी की जांच की गयी. जांच के दौरान छात्राओं के गले (थ्रोट) के सैंपल लिये गये, जिन्हें जांच के लिए रिम्स रांची भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो एवं आईडीएसपी पदाधिकारी नाग भूषण प्रसाद उपस्थित थे.
