गुमला. झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश प्रदीप कुमार श्रीवास्तव शनिवार को गुमला पहुंचे. उन्होंने व्यवहार न्यायालय का निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्था और अदालत में संचालित विभिन्न कार्यों का जायजा लिया. इसके बाद व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित मासिक लोक अदालत में शामिल हुए. न्यायमूर्ति की मौजूदगी में लोक अदालत में विभिन्न मामलों की सुनवाई हुई और कुल 58 मामलों का निष्पादन किया गया. लोक अदालत के माध्यम से 8 लाख 29 हजार 100 रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई.
छह बेंच में हुई मामलों की सुनवाई
लोक अदालत के लिए छह बेंच गठित किये गये थे. इन बेंचों में विभिन्न मामलों की सुनवाई की गयी. न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने लोक अदालत की कार्यवाही का अवलोकन करते हुए मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली.
दुर्घटना पीड़ितों को बांटे मुआवजा के चेक
इस दौरान न्यायमूर्ति ने मोटर दुर्घटना दावा से जुड़े मामलों के लाभुकों के बीच मुआवजा राशि के चेक वितरित किये. उन्होंने न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से अदालत में उपलब्ध सुविधाओं और न्यायिक गतिविधियों की जानकारी भी ली.
अदालत की कार्यप्रणाली का लिया जायजा
व्यवहार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने न्यायालय की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न न्यायिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली. उन्होंने न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया.
आंजन धाम में की पूजा-अर्चना
व्यवहार न्यायालय के निरीक्षण और लोक अदालत की कार्यवाही के बाद न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए. उन्होंने आंजन धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मत्था टेककर आशीर्वाद लिया.
