गुमला : गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बसइरटोली गांव में दंपती पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के सदस्य प्रवीण एक्का को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक देसी कट्टा भी पुलिस ने बरामद किया है. हालांकि, वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पहले कट्टा दिखाया फिर चाकू से किया हमला
मामले का खुलासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति ने किया. उन्होंनें बताया कि चार अगस्त की रात चैनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बसइरटोली गांव निवासी जगतपाल रौतिया और उनकी पत्नी अनीता देवी पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने कट्टा दिखाकर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल दंपती को इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
यें भी पढ़ें: Encounter News: गुमला में मुठभेड़, जेजेएमपी के 3 उग्रवादी ढेर
जेजेएमपी के सदस्य प्रवीण एक्का गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाना पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया. तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय लोगों से पूछताछ और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया. इसी दौरान जेजेएमपी के सदस्य प्रवीण एक्का को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा भी बरामद कर लिया.
पूछताछ में मिली कई महत्वपूर्ण जानकारियां
एसडीपीओ श्रुति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर फरार दूसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यें भी पढ़ें: मृत आत्माओं के गांव में घूमने की अफवाह से दहशत
पुलिस की अपील संदिग्ध गतिविधि की दें सूचना
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे आपसी विवाद था या कोई अन्य कारण। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
