बिशुनपुर. जेपीएससी और जेएसएससी में कथित भ्रस्टाचार के विरोध में प्रर्दशन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को झारखंड बंद, के समर्थन में गुमला के बिशुनपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर छात्रों की मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे.
बंद के समर्थन में कई व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सड़क जाम के कारण बिशुनपुर मुख्य मार्ग के दोनों छोर पर यात्री वाहनों के साथ-साथ भारी वाहनों की लंबी कतार लग गयी. करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
जाम की सूचना मिलते ही बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क जाम खुलवाया. इसके बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हुआ. बंद के दौरान क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण रही.
