चैनपुर. प्रखंड की बरवेनगर पंचायत अंतर्गत ग्राम बिशुनपुर में मंगलवार को हर्षोल्लास से वन महोत्सव मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिप सदस्य मेरी लकड़ा, वनपाल चंद्रेश उरांव, उपप्रमुख प्रमोद खलखो व फिया फाउंडेशन के प्रखंड समन्वयक ललित कुमार महतो ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर 121 एकड़ क्षेत्र के लिए लाभुकों के बीच सामुदायिक वन पट्टा का वितरण किया गया. जिप सदस्य मेरी लकड़ा ने कहा कि सामुदायिक वन पट्टा दिलाने के लिए जिला स्तर पर काफी प्रयास किये गये थे, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सबके सामने है. उन्होंने जंगल बचाने को हर ग्रामीण का कर्तव्य व जिम्मेदारी बताया. उपप्रमुख प्रमोद खलखो ने कहा कि वर्तमान समय में हम सभी को जागरूक होने की जरूरत है. उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें अपने जल, जंगल व जमीन को बचाने के लिए एकजुट होना होगा. कार्यक्रम में ग्राम प्रधान साबियल खलखो, प्रचारक अलेक्जेंडर उरांव, कमल खलखो, प्रमोद खलखो, संजय टोप्पो, अमरेंद्र, ऊषा मिंज, सरिता मिंज, पुलीकर खलखो, प्रकाश खलखो, जैकब, पीटर उरांव, विवेक आदि ग्रामीण शामिल थे.
100 मीटर परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक
बसिया. बसिया अनुमंडल क्षेत्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी बसिया द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गयी है. उक्त आदेश के तहत बसिया अनुमंडल के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों के चारों ओर 100 मीटर की परिधि में सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, खैनी, जर्दा, पान मसाला, हुक्का सहित किसी भी प्रकार के तंबाकू व निकोटिन युक्त उत्पादों की बिक्री, भंडारण वितरण व सेवन पर पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है.
