शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी : उपायुक्त

गुमला में पर्वों को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिये सख्त निर्देश

गुमला. गुमला अनुमंडल कार्यालय सभागार में बुधवार को आगामी ईद, श्रीरामनवमी, चैती दुर्गा पूजा और सरहुल पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित व पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने की. इसमें पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. शांति समिति के सदस्यों ने पर्व स्थलों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, चापाकलों को दुरुस्त रखने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी. नगर क्षेत्र एवं जुलूस मार्गों पर नियमित सफाई, ब्लीचिंग, कचरा निष्पादन, चलंत डस्टबीन और नाइट स्वीपिंग टीम की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया. देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत का सुझाव दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि गुमला जिला आपसी सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता है, इसलिए सभी पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने संबंधित विभागों को ढीले विद्युत तारों की मरम्मत, पेड़-पौधों की छंटाई तथा चिन्हित स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा, एंबुलेंस और कंट्रोल रूम से निगरानी के निर्देश दिये गये. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पर्वों के दौरान सघन पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जायेगी. अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होगी तथा बिना अनुमति जुलूस और डीजे पर प्रतिबंध रहेगा. सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर भी नजर रखी जायेगी. बैठक में डीडीसी दिलेश्वर महतो, निदेशक विद्या भूषण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी जयवंती देवगम, डीसीएलआर राजीव कुमार, डीसीएलआर शेखर कुमार, डीएसपी मुख्यालय वीरेंद्र टोप्पो, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत, जिला सामान्य शाखा पदाधिकारी सुशील खाखा, जिला नजारत उप समाहर्ता ललन कुमार रजक, कार्यपालक अभियंता विनय कुमार आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >