Jharkhand News: मिशन मोड में गांव- घर तक पहुंचे आपके द्वार कार्यक्रम,CM हेमंत सोरेन ने सभी DC काे दिये निर्देश

झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने ‘आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार अभियान’ को मिशन मोड पर गांव-गांव व घर-घर तक पहुंचाने का निर्देश राज्य के सभी डीसी को दिया. इसका उद्देश्य सुदूर गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है.

Jharkhand News (रांची) : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार अभियान’ को मिशन मोड पर गांव-गांव व घर-घर तक पहुंचाने का निर्देश सीएम हेमंत सोरेन ने दिया है. सीएम श्री सोरेन ने राज्य के सभी डीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये निर्देश दिये. इसका उद्देश्य सुदूर ग्रामीणों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाया जायेगा.

‘आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार’ अभियान को कारगर बनाएं

बैठक में राज्य के सभी डीसी को संबोधित करते हुए सीएम श्री सोरेन ने कहा कि ‘आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार’ अभियान को कारगर बनाये. कहा कि अधिकारी इस अभियान को रूटीन अभियान के रूप में ना लें. यह सुनिश्चित करें कि जिस ग्राम- पंचायत में कैंप लगे वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य हो. पदाधिकारियों की पहुंच पंचायत स्तर पर होनी चाहिए तभी यह मुहिम सफल हो सकेगा.

सीएम श्री सोरेन ने कहा कि सभी डीसी अपने-अपने जिलों के सभी प्रखंड कार्यालयों का विजिट अवश्य करें. डीसी सभी विभागों के बड़ी- छोटी योजनाओं की प्रगति पर निरंतर नजर रखें. कॉन्ट्रैक्टरों एवं वेंडरों के कार्य तथा उसकी क्वालिटी की मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें. योजनाएं समय पर पूर्ण हो इस पर फोकस रखें.

Also Read: हेमंत सरकार की पहल से श्रमशक्ति को मिलने लगा अधिकार व सम्मान, करीब 10 लाख कामगार दूसरे राज्यों से लौटे झारखंड

उन्होंने राज्य के सभी डीसी को निर्देशित किया कि जो योजना पहले से चल रही है, वैसी योजनाओं को गति दें. समस्या उत्पन्न होने पर अपने सीनियर अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें. साथ ही कहा कि राइट टू सर्विस के तहत जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने संबंधित समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के साथ करें.

सीएम श्री सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दुर्घटना में मृत्यु होने पर एक लाख रुपये राशि सहायतार्थ आश्रित परिजनों को देने का नियम है. आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 3500 लोगों की मृत्यु हर साल दुर्घटना से होती है. पदाधिकारी इन सभी चीजों पर पैनी नजर रखें, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

कोई भी महिला हड़िया न बेचे यह सुनिश्चित करें

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि राज्य के किसी भी कोने में कोई भी महिला हड़िया बेचती नजर ना आये. किसी भी कारणवश जो महिला हड़िया बेचने के लिए विवश हैं, उन्हें सरकार की रोजगारोन्मुख योजनाओं से जोड़ें. रोजगार सृजन मुहिम को गति देकर सभी को आय का साधन उपलब्ध कराएं.

Also Read: संतालियों की संस्कृति व परंपरा का उद्गम स्थल बाेकारो के लुगुबुरु में पूजा अर्चना शुरू,कल CM हेमंत करेंगे शिरकत

महिला स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय करें तथा उन्हें बैंक के साथ समन्वय स्थापित कराकर ऋण मुहैया कराएं. कहा कि पारंपारिक व्यवस्था को रीजेनरेट करने के लिए पलाश ब्रांड को प्रमोट करें. व्यवस्था ऐसी बनाएं जहां ग्रामीणों द्वारा बनाये गये प्रोडक्ट सरकारी योजनाओं के तहत लोगों को मिल सके. मुख्यमंत्री ने ऑर्गेनिक फूड को बढ़ावा देने पर जोर दिया.

सभी जिलों में कंबल वितरण कार्य ससमय पूरा करें

सीएम श्री सोरेन ने सभी डीसी को निर्देशित किया कि सर्दी के मौसम के मद्देनजर सभी जिलों में कंबल वितरण कार्य ससमय हो यह सुनिश्चित कराएं. कहा कि ‘आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार’ अभियान के तहत जिस ग्राम पंचायत में कैंप लगाएं वहां प्राथमिकता के साथ कंबल वितरण का कार्य भी करें. कहा कि सोना-सोबरन योजना के तहत पात्र लाभुकों को धोती, लूंगी तथा साड़ी का वितरण सुनिश्चित कराएं.

जन- कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं

उन्होंने सभी जिलों के डीसी को निर्देशित किया है कि सरकार की जन- कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन- जन तक पहुंचाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जानकारी के अभाव में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रहनेवाले लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है. प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों के जरिये ग्रामीणों को अपने हक एवं अधिकार के प्रति उन्हें जागरूक करें तथा योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें. कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं बनायी है. इन योजनाओं को गति देकर लोगों को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है.

Also Read: Indian Railways News: बिहार-झारखंड के रास्ते चलेगी वैष्णो देवी उत्तर भारत दर्शन ट्रेन,जानें रांची से कब खुलेगी

बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव कैबिनेट वंदना दादेल, प्रधान सचिव वित्त अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले हिमानी पांडे, उद्योग सचिव पूजा सिंघल, पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार, पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद सचिव अमिताभ कौशल, ग्रामीण विकास सचिव मनीष रंजन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव राजेश कुमार शर्मा, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास सचिव प्रवीण टोप्पो, जल संसाधन सचिव प्रशांत कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी सचिव कृपानंद झा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग निदेशक राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

Posted By : Samir Ranjan.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >