गुमला में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बारात से लौट रही सवारी गाड़ी पलटी, 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर

Gumla Road Accident: गुमला जिले के कामडारा प्रखंड में एक भीषण सड़क हादसे में दो बारातियों की मौत हो गई है. तोरपा से लचरागढ़ गई बारात वापस लौटते समय बेतरकेरा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. गाड़ी की छत पर बैठे युवक इस हादसे का शिकार हुए. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि हादसे के बाद अस्पताल से फरार हुए चालक और मालिक की तलाश जारी है. देखिए इस दर्दनाक हादसे की पूरी रिपोर्ट.

Gumla Road Accident, गुमला (दुर्जय पासवान): गुमला जिले के कामडारा प्रखंड अंतर्गत कुरकुरा थाना क्षेत्र के बेतरकेरा के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. यहां बारात से लौट रही एक फोर्स सवारी गाड़ी (JH01BZ5564) अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हृदयविदारक हादसे में गाड़ी में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. मृतकों की पहचान सिमडेगा जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत टाटी भंडारटोली निवासी शाहिल भेंगरा (23) और चंद्र महतो (40) के रूप में की गई है.

गाड़ी की छत पर बैठकर सफर करना पड़ा भारी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल व्यक्ति एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए तोरपा से लचरागढ़ बारात गए हुए थे. समारोह संपन्न होने के बाद रविवार को सभी बाराती उसी गाड़ी में सवार होकर वापस तोरपा लौट रहे थे. शाहिल, चंद्र और सामुएल भेंगरा अन्य लोगों के साथ गाड़ी की छत पर बैठकर सफर कर रहे थे. इसी दौरान बेतरकेरा गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई. हादसे में अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं.

Also Read: हजारीबाग: मासूमों की मौत ने झकझोरा, दनुआ घाटी के खूनी मोड़ों पर होगा तकनीकी सुधार, गति सीमा तोड़ी तो जेल

पुलिस की कार्रवाई और चालक की तलाश

स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर कुरकुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कामडारा पहुंचाया. यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील खलखो ने जांच के बाद शाहिल भेंगरा और चंद्र महतो को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल सामुएल भेंगरा (25) की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.

हादसे के बाद चालक और मालिक फरार

घटना के बाद एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया. जिस समय पुलिस घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची, गाड़ी का चालक और मालिक भी वहां मौजूद थे. लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि दो लोगों की मौत हो गई है, दोनों अस्पताल परिसर से चकमा देकर फरार हो गए. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक व मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया है.

Also Read: गर्मी बढ़ते ही रामगढ़ के चेटर गांव में पानी की समस्या, कुएं पर निर्भर ग्रामीण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >