गुमला में शिबू सोरेन की प्रतिमा पर BJP और JMM भिड़े, बिना NOC तोड़ा गया पुलिस पिकेट, काम ठप

गुमला के शहीद चौक पर पुलिस शेड तोड़े जाने और शिबू सोरेन की प्रतिमा लगाने को लेकर भाजपा और झामुमो के बीच सियासी विवाद गहरा गया है। जानें पूरा मामला।

गुमला : गुमला शहर मेन चौक कहे जाने वाले शहीद चौक (टावर चौक) के समीप बने पुलिस शेड को तोड़े जाने के बाद जिले में सियासी घमासान छिड़ गया है. शेड तोड़े जाने और वहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा लगाने के निर्माण कार्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता आमने-सामने आ गए हैं. गुरुवार को घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद वहां मौजूद झामुमो कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं के बीच तीखी बहस और जुबानी जंग शुरू हो गई. विवाद बढ़ता देख नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने मौके पर पहुंचकर फिलहाल निर्माण कार्य पर रोक लगाने का निर्देश जारी कर दिया है.

बिना प्रशासनिक स्वीकृति तोड़ा गया पुलिस पिकेट

घटना के विरोध में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों नेता और शहरवासी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे. प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव और कार्यपालक पदाधिकारी (EO) मनीष कुमार से मुलाकात कर अवैध निर्माण रोकने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा. भाजपा नेताओं और अन्य नागरिकों का कहना था कि जिस जगह पर पुलिस शेड था, वहां चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती दुरुस्त रहती थी. ऐसे में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और एनओसी (NOC) के रातों-रात पुलिस पिकेट को तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे शहर में सामाजिक असंतोष फैलने की आशंका बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें: JPSC आंदोलन बदलेगा झारखंड की सियासी चाल! जानिए मानसून सत्र पर क्या होगा असर ?

नप EO ने झाड़ा पल्ला, JMM ने दी सफाई

नगर परिषद कार्यालय में जब शहरवासियों ने शेड तोड़ने और प्रतिमा स्थापित करने के आदेश पर सवाल किया, तो नगर परिषद अध्यक्ष इस पूरे मामले पर अनजान बने. वहीं कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद से इस संबंध में कोई एनओसी या प्रशासनिक आदेश जारी नहीं किया गया है. EO ने असमर्थता जताते हुए कहा कि उन्हें भी इस निर्माण की जानकारी चौक से गुजरते वक्त हुई थी और यह पूरा कार्य वरीय अधिकारियों व राज्य सरकार के निर्देश पर कराया जा रहा है. दूसरी ओर, झामुमो नेता अनवर ने पूरे मामले पर कहा कि झारखंड के महान सपूत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना के लिए गड्ढा खोदा गया है और प्रतिमा लगने के बाद वहां नए सिरे से आधुनिक पुलिस शेड का निर्माण करा दिया जाएगा.

टावर चौक पर घंटों चली जुबानी जंग

नगर परिषद कार्यालय से निकलकर अध्यक्ष शकुंतला उरांव शहरवासियों के साथ शहीद चौक पहुंचीं और वहां काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ की. मजदूरों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से काम रोकने की हिदायत दी. इसी दौरान मौके पर पहुंचे झामुमो नेताओं ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह कार्य सरकार के आदेश पर हो रहा है, जिन्हें आपत्ति है वे सरकार के पास जाएं. भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों का कहना था कि दिशोम गुरु एक महान शख्सियत हैं, लेकिन शहीद चौक के एक छोटे से कोने में उनकी प्रतिमा स्थापित करना और इसके लिए सुरक्षा शेड को तोड़ना पूरी तरह अनुचित है. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक चले हंगामे के बाद फिलहाल निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है.

ये भी पढ़ें: झारखंड में रिटायर्ड 8 से 10 हजार शिक्षकों को मिलेगा ग्रेड-1 का एरियर, शिक्षा विभाग का निर्देश



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >