गुमला: गुमला जिले में ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को बिरसा मुंडा पार्क सभागार में बैठक हुई. अध्यक्षता हेमंत कुमार ने की. बैठक में सर्वसम्मति से गुमला जिला ताइक्वांडो संघ का गठन किया गया.
इसमें अखिल कुमार को अध्यक्ष, बालमुनि कुमारी को सचिव, अर्पिता भट्टाचार्य कोषाध्यक्ष, जितेंद्र राम एवं जसवीर सिंह को उपाध्यक्ष तथा हेमंत कुमार को संयुक्त सचिव चुना गया. वहीं रोमिल शंकर, सोनी गुप्ता, सुप्रिया रानी बाग और मनीष कुमार को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया.
बैठक में विशेष रूप से उपस्थित झारखंड राज्य ताइक्वांडो संघ के वर्किंग चेयरमैन सह ऑब्जर्वर मिथिलेश कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि गुमला में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों को उचित प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराने में जिला संघ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
अखिल कुमार ने कहा कि ताइक्वांडो को गांव-गांव और प्रखंड स्तर तक पहुंचाना संघ का प्रमुख लक्ष्य है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को भी प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस और आत्मरक्षा की भावना विकसित करता है.
बैठक में ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर लगाने, प्रतियोगिता आयोजित करने, विद्यालयों में खेल को बढ़ावा देने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी चर्चा हुई.
