गुमला. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, गुमला के तत्वावधान में “स्मैशथॉन 2.0 गुमला जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट” का आज इंडोर स्टेडियम, गुमला में विधिवत शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया. कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन एवं DCLR गुमला राजीव कुमार ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर टूर्नामेंट की शुरुआत की. अधिकारियों के खेल में शामिल होने से उपस्थित खिलाड़ियों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर उपायुक्त ने टूर्नामेंट में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया. इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा, “खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. ऐसे आयोजन जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं. जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले में खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन मिले और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध हों.” उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने कहा, “बैडमिंटन जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं. स्मैशथॉन 2.0-2026 जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अच्छा अवसर है। सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें.” कार्यक्रम में DCLR गुमला राजीव कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी महेश्वर महतो, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, जिला सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास एवं IT मैनेजर राजीव रौशन सहित अन्य उपस्थित रहे. स्मैशथॉन 2.0-2026 का आयोजन 13 से 15 अगस्त 2026 तक इंडोर स्टेडियम, गुमला में किया जा रहा है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह टूर्नामेंट जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
DC ने थामा बैडमिंटन रैकेट तो खिलाड़ियों में बढ़ा जोश, गुमला में शुरू हुआ ‘स्मैशथॉन 2.0’

प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी | Prabhat Khabar Network
गुमला में 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में स्मैशथॉन 2.0 बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.