जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत, वारदात के लिए डायन-बिसाही को बनाया हथियार

गुमला जिले में अंधविश्वास के चलते एक भयानक घटना सामने आई है. डायन-बिसाही के झूठे आरोप में एक युवक ने बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें महिला की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla Crime News, गुमला : गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरिया पंचायत के टिभूटोली गांव में अंधविश्वास और आपसी रंजिश की खौफनाक वारदात सामने आई है. डायन-बिसाही के झूठे आरोप और पुराने विवाद में शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे शत्रु खड़िया नामक युवक ने एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर उन पर धारदार हथियार (दौली) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस प्राणघातक हमले में बुजुर्ग महिला जटी खड़ियाईन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति बुधा खड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की हिंसक जवाबी कार्रवाई को रोका जा सके.

बीमारी का ठीकरा बुजुर्ग दंपती पर फोड़ा

मार्मिक घटना का शिकार हुए बुजुर्ग दंपती के भतीजे रोशन केरकेट्टा ने बताया कि सुबह नौ बजे आरोपी उनके बड़े पिता जी और बड़ी मां के घर में घुसा और बेरहमी से हमला कर दिया. आरोपी भी उनके ही रिश्तेदार हैं और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा कोर्ट में लंबित है. भतीजे का यह आरोप लगाया कि आरोपी ने जमीन पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया. उनका कहना था कि बहुर खड़िया ने जमीन विवाद की जानकारी शत्रु को पहले ही दे दी थी. घटना के दिन मुख्य आरोपी शत्रु खड़िया, अपने जीजा बहुर खड़िया (जिसका बुधा खड़िया से जमीन विवाद है) के घर आया हुआ था. जानकारी के मुताबिक बहुर खड़िया के परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे और अंधविश्वास के चलते पूरा परिवार इसका जिम्मेदार बुजुर्ग महिला जटी खड़ियाईन को मानता था. इसी रंजिश और अंधविश्वास के वश में आकर शत्रु खड़िया ने शुक्रवार सुबह बुजुर्ग दंपती के घर में धावा बोल दिया और दोनों पर हमला कर फरार हो गया. घायल बुधा खड़िया को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से गुमला सदर अस्पताल भेजा गया, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: जामताड़ा में डॉक्टरों के साथ अभद्रता पर फूटा गुस्सा, नारायणपुर CHC में OPD बंद कर धरने पर बैठे स्वास्थ्यकर्मी

मुख्य आरोपी फरार

घटना की सूचना स्थानीय समाजसेवियों द्वारा दिए जाने के बाद पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज, एसआई विश्वजीत चेतन और एसआई रामचंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साजिश में शामिल बहुर खड़िया, बेला देवी और समीर कुल्लू को हिरासत में ले लिया है, साथ ही बेला देवी के घर से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार (दौली) भी बरामद कर लिया है. थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि मुख्य हमलावर शत्रु खड़िया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. ग्रामीणों ने भी पुलिस से इस हत्याकांड के पीछे अंधविश्वास के साथ-साथ जमीन विवाद के मुख्य एंगल पर गहराई से जांच करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: धनबाद के बेनागड़िया नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र के साथ रैगिंग, अस्पताल में भर्ती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >